Bharat Jodo Nyay Yatra: दो से पांच फरवरी के बीच झारखंड में कदम रखेंगे राहुल गांधी, राज्य में दो चरण में होगी यह यात्रा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय यात्रा दो से पांच पांच फरवरी के बीच झारखंड की सीमा में प्रवेश करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के बुनियादी मुद्दों पर केंद्रित है जो अब मणिपुर से लेकर मुम्बई तक होगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू न्याय यात्रा दो से पांच फरवरी के बीच झारखंड की सीमा में प्रवेश करेगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर केंद्रित यह यात्रा जन-जन के मुद्दों को समाहित करते हुए बढ़ेगी। वे कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के साथ संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
न्याय यात्रा देश के बुनियादी मुद्दों पर केंद्रित
ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के बुनियादी मुद्दों पर केंद्रित है। भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक हुई है और अब मणिपुर से लेकर मुम्बई तक न्याय यात्रा का आयोजन हो रहा है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जो 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा की सीटों से होकर 20 मार्च तक विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी। झारखंड में यह यात्रा 804 किमी. की दूरी आठ दिनों में तय करेगी। यह यात्रा झारखंड में दो चरणों में होगी।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा-हक मिलने तक का स्टीकर जारी
रविवार को दोनों नेताओं ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा-हक मिलने तक का स्टीकर जारी किया। कहा कि विभिन्न जिलों में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से दो पहिया, चार पहिया वाहनों में ऐसे स्टीकर लगाए जाएंगे।
ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास करते रहते हैं। लगभग दस साल होने जा रहे हैं, परंतु अब तक उन्होंने किसी संवाददाता सम्मेलन को संबोधित नहीं किया है।
मौके पर कई गणमान्य रहे उपस्थित
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि हमारे सांसदों ने सदन में इन मुद्दों को उठाने की कोशिश की, लेकिन वहां पर सरकार ने हमें मौका नहीं दिया और 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया।
इस देश के इतिहास में ये पहली बार है कि इतने लोगों को निलंबित किया गया । इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी, प्रवक्ता रियाज अंसारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?






