अविश्वास और अधिक बढ़ाता है अविश्वास

आप ये लेख में पढ़ने वाले है की स्त्रियों के घर में उनके सम्मान और असम्मान के विषय पर चर्चा की गई है की कैसे स्त्रियाँ अक्सर अपने ही परिवार में अपने सम्मान को खो देती हैं और इसके पीछे के कारण वो खुद ही है अक्सर एक स्त्री दूसरी स्त्री ही इस असम्मान के प्रमुख कारण बनती हैं, जिससे पुरुष भी उन्हें अदृश्य मानते हैं। लेख में समस्या के समाधान की भी चर्चा मिलेगा।

Sep 6, 2023 - 19:35
 0
अविश्वास और अधिक बढ़ाता है अविश्वास
अविश्वास और अधिक बढ़ाता है अविश्वास

ब से मैंने अपना  होश संभाला है उसके बाद से दुनिया के और खासकर भारत के जिस समाज को मैंने देखा-जाना-समझा और महसूस किया है,उसमें ज्यादातर स्त्रियों को अपने परिवार के लिए किसी अनवरत चलती हुई चक्की की तरह घूमता हुआ ही पाया है और मजा यह कि परिवार के किसी सदस्य को इसका कदापि भान तक भी नहीं होता !! यहां तक कि एक स्त्री भी दूसरी स्त्री की स्थिति को या उसकी मानसिकता को बिलकुल नहीं समझती या फिर समझ कर भी नासमझ बनी रहती है !! कुछ भी हो मगर इस प्रकार एक स्त्री के द्वारा ही स्त्री की समस्याओं और दूसरी महत्वपूर्ण बातों को बहुत ही चतुरता पूर्वक बल्कि यूं कहें कि कुटिलता पूर्वक नजरअंदाज कर दिया जाता है,इस प्रकार जो सम्मान एक स्त्री को मिलना चाहिए अपने कुटुंब में ,उसपर सम्मान उसी परिवार की एक अन्य सदस्य स्त्री अथवा स्त्रियां एकदम से कैंची चला देती हैं !!
          मैं लगातार यह महसूस करता आया हूँ कि घर में काम को लेकर होने वाले लड़ाइयां या किसी एक स्त्री के पक्ष में झुका हुआ माहौल एक दूसरी स्त्री को अक्सर ईर्ष्या भाव में डाल देता है और वह स्त्री अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपने ऊपर भारी पड़ती स्त्री की आलोचना करने लगती है या निंदा करने लगती है !! इसी प्रकार इसका उल्टा भी कई बार सही होता है की एक भारी पड़ती स्त्री या यूं कहें कि एक मजबूत स्त्री अपनी मजबूत स्थिति का भरपूर दुरुपयोग करती है और नाजायज़ फ़ायदा उठाती है और यहाँ तक कि वह सामने वालों को नीचा तक दिखाती रहती है,बहुत सी स्त्रियाँ तो परपीड़क भी हो जातीं है,जो एक प्रकार का रोग है,किन्तु जिसको कोई समझ नहीं पाता, बल्कि इसे उस स्त्री-विशेष की विशेषता समझता रहता है !! इस प्रकार स्त्रियाँ अपने ही घर में अपने निंदक पैदा कर लेती हैं !!
         तो इस प्रकार की जो व्यवस्थाएं घर में स्वत: पैदा हो जाती हैं ,उससे घर के पुरुष सदस्य अपने-आप यह समझने लगते हैं कि स्त्रियां तो होती ही ऐसी हैं ,क्योंकि अपने-अपने पुरुषों से घर की अन्य स्त्री सदस्यों की चुगली हर रोज रात को एक स्त्री ही किया करती है और इस प्रकार एक घर में दुराव-वैमनस्य होते-होते एक स्थायी फूट का वातावरण तैयार हो जाता है ,किंतु चूँकि पुरुष और स्त्री दोनों ने मिलकर ही यह वातावरण तैयार किया होता है इसलिए इस खाई को दूर करने का प्रयास कोई नहीं करता , तो फूट के कारणों पर तो जाने की बात ही बहुत दूर है !! 
             इस प्रकार हम अपनी नासमझी की वजह से या फिर अपनी आंखें बंद करने की वजह से और अपने कच्चे कानों की वजह से हर बार कुछ ऐसी बातों पर विश्वास कर लेते हैं ,जो हमारे घर में फूट डालती है ! मजेदार बात यह है कि ज्यादातर मामलों में हम अपने परस्पर निकट के लोगों पर भरोसा नहीं करते बल्कि दूर वालों की बात पर भरोसा कर के निकट वालों पर अविश्वास करने लगते हैं !! हालांकि यह जरुरी नहीं कि निकट वाला ही सही हो या गलत हो ,लेकिन यह भी तो सही नहीं कि दूर वाला सही हो !! 
            तो जीवन में हर जगह अपनी आंखें खुली रखना बहुत न केवल जरुरी होता है ,बल्कि अनिवार्य होता है और हम सब इस अनिवार्य अनिवार्यता को जानते ही नहीं !! तो फिर हम लगातार गलत सूत्रों पर भरोसा करते चले जाते हैं और अपने घर में अपने ही लोगों के स्वभाव को ,यानि कि उनकी विशेषताओं और खामियों तक को नजरअंदाज करते हैं !! हमें कम से कम यह तो मालूम ही होना चाहिए कि कौन कैसा है और किस हद तक जा सकता है ?? 
          मेरी समझ से स्त्रियों के प्रति सम्मान में कमी का एक बहुत बड़ा कारण स्त्रियां ही रही हैं ,क्योंकि स्त्रियों ने दूसरी स्त्रियों को हमेशा प्रतिद्वंद्वी और यहां तक कि शत्रु की नजर से देखा है तथा तदनुरूप ही उनसे बर्ताव करती आई हैं और इस प्रकार सदियों से पुरुष की नजरों में स्त्री को गिराती चली आ रही है और ऐसी स्त्रियों ने कुछेक तत्कालिक लाभ के लिए जाने या अनजाने स्त्री को एक जींस में परिणत कर दिया है !! 
       हो सकता है मेरी सोच में बहुत से लोगों को आपत्ति लगे ,लेकिन मैंने हरगिज -हरगिज़ लगभग हर घर में यही सब देखा है और रोज देख भी रहा हूँ !! तो एक बार दुराव की बात शुरू हो जाने पर वह दुराव दोनों ओर से बढ़ता ही चला जाता है ,कोई उस दुराव को कम करने का प्रयास बस इसलिए नहीं करता क्योंकि अंततः सब के सब कानों के कच्चे होते हैं और इस प्रकार वे बातें एक कान से दूसरे कान तक पहुँचती चली जाती हैं ,जो सामने वाले ने कभी कही ही नहीं और तब सामान्य बातों के भी मनमाने अर्थ निकाल कर यहां तक कि प्रतिद्वंद्वी के मन के भीतर की भी बातों तक का भी अंदाजा लगा लिया जाता है  आपस में शत्रुता पाले बैठे लोगों द्वारा !! 
        फिर इसका इलाज क्या है ? एक इलाज तो समझ में आता है कि स्त्री के द्वारा ही स्त्री के सम्मान को इस प्रकार ठेस नहीं पहुंचाई जानी चाहिए और दूसरा है कि पुरुषों को भी अपनी आँखें कम से कम इतनी तो खुली रखनी ही चाहिए कि वह सच को सच की तरह देख सकें और अपने घर में कार्य कर रही और रह रही स्त्रियों के काम को संपूर्णतया वाजिब नजरों से देख सकें और उस पर अपना उचित निर्णय ले सके जब तक यह दोनों बातें नहीं होंगी कोई भी किसी भी स्त्री को उसका सम्मान हरगिज़-हरगिज़ नहीं दिला सकता !!

 राजीव थेपड़ा
7004782990

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow