Jharkhand Weather: अब पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, 11 जनवरी से दिखेगा असर; रांची समेत बाकी शहरों में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
आज देवघर दुमका पाकुड़ जामताड़ा गिरिडीह और साहेबगंज में कहीं कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। बताया जा रहा है कि बादल छंटने के बाद तापमान में कमी होगी और 11 जनवरी के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में कमी होगी। वहीं मौसम में बदलाव के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में बदलाव ने असर डालना शुरू कर दिया है। रिम्स व सदर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। दरअसल राजधानी व आसपास के जिलों में सुबह कोहरा या धुंध के साथ साथ धूप खिलते ही गर्मी का अहसास होने लगता है जबकि शाम ढ़लते ही सर्दी अपना असर दिखाना शुरू कर देती है।
यह सिलसिला पिछले एक सप्ताह से जारी है। वहीं गत दिनों हुई वर्षा के बाद लगातार आंशिक बादल छाए रहने के कारण तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जा रहा है। न्यूनतम तापमान में भी बड़ा अंतर नहीं दिख रहा है।.
हालांकि, मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद का कहना है कि बादल छंटने के बाद तापमान में कमी होगी और 11 जनवरी के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में कमी होगी।
रांची में 10 जनवरी को बादल छाए रहने का अनुमान
वहीं दूसरी ओर राज्य के उत्तरी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह व साहेबगंज में कहीं कहीं घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है और इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में 10 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
वहीं 11 और 12 जनवरी को सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान साफ रहेगा जबकि मौसम शुष्क बना रहेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के उत्तरी हिस्से में कहीं कहीं घना कोहरा छाया रहा।
दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां और निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो में मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा।
इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का रिकॉर्ड किया गया।
What's Your Reaction?






