Jharkhand Weather Today: बंगाल की खाड़ी बिगाड़ेगा झारखंड का मौसम, येलो अलर्ट जारी; रांची में पड़ेगी कड़ाके की ठंड
Jharkhand Weather News in hindi झारखंड में मौसम एक बार फिर से बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 7 से 8 जनवरी को पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और कोहरा लगा रहेगा। यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक वर्षा गढ़वा के सगमा में 45.4 मिमी रिकार्ड की गई।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को हुई वर्षा और शनिवार को दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के कारण 12 बजे तक जहां कोहरा छाया रहा वहीं रांची के न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड में भी दिख रहा है।
सभी जिलों के तापमान में कमी दर्ज की गई है। वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बादल छंटने के बाद एक बार फिर राज्य के लोगों को ठंड सताएगी। हालांकि आंशिक बादल छाए रहने के कारण ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में कहीं कहीं वर्षा हुई जबकि दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा व सरायकेला खरसावां और निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो में दिनभर कोहरा छाया रहा।
यह स्थिति 7 जनवरी को भी बनी रहेगी, इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है। बताया गया कि 7 और 8 जनवरी तक आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है और सुबह धुंध और कोहरा छाया रहेगा।
शुक्रवार की बारिश खेती के लिए फायदेमंद
कृषि विज्ञानी ने बताया कि जो फसल खेतों में लगी हैं उन फसलों के लिए शुक्रवार को हुई वर्षा बेहद फायदेमंद है जबकि सब्जियों की खेती में बीमारी के लक्षण प्रकट हो सकते हैं। इसके लिए कृषि विज्ञानी ने किसानों को सतर्क रहने व कीटनाशी का छिड़काव करने की सलाह दी है।
सगमा में हुई सबसे अधिक वर्षा
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक वर्षा गढ़वा के सगमा में 45.4 मिमी रिकार्ड की गई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री चाईबासा का ही रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 24.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
ऐसा रहेगा राजधानी व राज्य का मौसम
7 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, मौसम शुष्क बना रहेगा
8 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, मौसम शुष्क बना रहेगा
9 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, मौसम शुष्क बना रहेगा
10 जनवरी : सामान्यत: बादल छाए रहेंगे, वर्षा होने की संभावना।
यह भी पढ़ें
What's Your Reaction?






