Jharkhand Politics: मिशन-2024 के लिए एक्शन मोड में हेमंत सोरेन, JMM कार्यकर्ताओं को दिया चुनाव की तैयारी का मूलमंत्र
Jharkhand Politics झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा है। हेमंत सोरेन ने कहा कि जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ हमें अपना समर्थन दिया है। जनता के इस विश्वास पर सरकार के साथ-साथ संगठन की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह खरा उतरने का काम करें।

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं को ललकारते हुए कहा है कि वे चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य की जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ हमें अपना समर्थन दिया है। जनता के इस विश्वास पर सरकार के साथ-साथ संगठन की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह खरा उतरने का काम करें।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार ने पिछले चार साल में कई योजनाओं चलाई है। संगठन के लोगों का भी यह दायित्व बनता है कि इन योजनाओं को जनता तक ले जाने का काम करें, ताकि उसका फायदा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
पार्टी नेताओं से बात
हेमंत सोरेन गुरुवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष, सचिव और प्रखंड अध्यक्ष व सचिवों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का निर्देश दिया।
पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि 15 नवंबर से एक बार फिर 'सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम शुरू हो रहा है। इसमें भी पार्टी-संगठन के लोगों को जुटने की जरूरत है।
झारखंड में झामुमो बड़ा भाई
बैठक के बाद पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि झारखंड में झामुमो बड़ा भाई है। सीट बंटवारे के लिए हेमंत अधिकृत किए गए हैं।
विनोद पांडेय ने कहा कि यह सभी जानते हैं कि गत चुनाव में झारखंड की राजनीतिक परिस्थिति बदल चुकी है। गठबंधन में शामिल सभी दल जानते हैं कि झामुमो यहां पर बड़े भाई की भूमिका में हैं।
सभी पार्टियों को मान्य होगा मुख्यमंत्री का निर्णय
उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विपक्षी गठबंधन कोर संयोजक कमेटी के सदस्य भी हैं। जब गठबंधन की बैठक होगी, तो हेमंत सोरेन अपनी बात रखेंगे। इसके लिए वे अधिकृत किए जा चुके हैं। वो जो भी निर्णय करेंगे, पार्टी-संगठन के लिए वह मान्य होगा।
विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो और हेमंत सोरेन गठबंधन के महत्वपूर्ण अंग हैं। अभी पांच राज्यों में चुनाव में कई आदिवासी बहुल सीटें हैं। झामुमो ने वहां प्रत्याशी नहीं दिया है। अगर गठबंधन की ओर से मांग हुई, तो हेमंत सोरेन चुनाव प्रचार में जाएंगे।
What's Your Reaction?






